भारत से अंडों की खरीदी पर कतर सरकार ने रखी ये शर्त, पोल्ट्री कारोबारियों को लगा बड़ा झटका

भारत से कई देशों में अंडों का निर्यात किया जाता है, लेकिन भारतीय अंडों के एक बड़े आयातक कतर ने इसके कारोबार‍ियों पर एक शर्त लगा दी है, ज‍िससे कतर में भारत से होने वाले अंडे का न‍िर्यात प्रभाव‍ित होगा. दरअसल, कतर सरकार को अब डबल ए ग्रेड और ए ग्रेड अंडे ही चाह‍िए, जिससे भारतीय पोल्ट्री कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है.

किसान तक की खबर के अनुसार, कतर की इस शर्त ने भारतीय पोल्ट्री सेक्टर को बेचैन कर द‍िया है. दरअसल, कतर सरकार को अब डबल ए ग्रेड और ए ग्रेड अंडे ही चाह‍िए. डबल ए ग्रेड का अंडा 70 ग्राम से अध‍िक वजन का माना जाता है और ए ग्रेड का अंडा 60 से 69 ग्राम ग्राम का माना जाता है. अभी तक वजन को लेकर ऐसी शर्त नहीं थी. ऐसे में अब पोल्ट्री कारोबार‍ियों की चिंता बढ़ गई है क्योंक‍ि अब उन्हें ग्रेड‍िंग करनी पड़ेगी.

बता दें कि पोल्ट्री सेक्टर में सिर्फ अंडा ही है, जो भारत से एक्सपोर्ट होता है. भारतीय अंडा खरीदने वालों में कतर भी शामिल है. कतर नमक्कल, तमिलनाडु से अंडों की खरीदारी करता है. हर महीने कतर को 10 कंटेनर अंडे जाते हैं, लेकिन कतर ने अब अंडों के वजन को लेकर नया पेच निकाल दिया है. कतर ने अब अंडा खरीदने के लिए नया ग्रेड तय किया है. अगर भारतीय अंडा उस ग्रेड पर खरा उतरा तब ही वो खरीदारी करेगा.

Scroll to Top